लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा पर हमला बोला है। उन्होंने जिला व ब्लॉक प्रधानों को गलत तरीके से हटाने की निंदा की।
कैप्टन ने कहा कि दरवाजे खोलने के बजाय हम इन्हें बंद करने की कोशिश कर रहे हैं। वह भी अपने निर्वाचित पदाधिकारियों के लिए जो लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। कैप्टन ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस भवन में गैंगस्टर को आने की इजाजत देने के मामले की जांच की जानी चाहिए।
हैरानी की बात है कि राणा गुरमीत सोढी, अरविंद खन्ना और राणा केपी सिंह जैसे सीनियर नेताओं को कांग्रेस भवन में नहीं घुसने दिया गया। पर प्रदेश कांग्रेस प्रधान के विशेष मेहमान निकले भगोड़ों और गैंगस्टर्स को बिना रोक-टोक घूमने दिया गया। यह गंभीर मामला है, इसकी गहराई तक जांच होनी चाहिए।
गैंगस्टर और बाजवा के बीच हुई फोन कॉल्स पर कैप्टन ने कहा कि बाजवा इससे भाग नहीं सकते। एक कॉल नहीं, करीब दस कॉल हुई थीं, जो लंबे समय की थीं। बाजवा के दावे कि सभी विरोधी आवाजों को बंद कर दिया गया है, पर कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है।
यहां कोई भी किसी को चुप नहीं करवा सकता। हर कोई अनुशासन में रहते हुए अपनी बात रखने को आजाद है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस एकजुट है, स्थानीय स्तर पर कुछ टकराव हो सकते हैं। जिनको जल्द सुलझाने की जरूरत है। ताकि 2017 में पार्टी तगड़ी टक्कर दे सके।