जो लोग गार्डन में सैर करने के साथ साथ ही एक्सरसाइज करना चाहते हैं तो उनके लिए चंडीगढ़ में सेक्टर-16 स्थित शांति कुंज में ओपन एयर जिम बनाया गया है। यह जिम वार्ड पार्षद प्रदीप छाबड़ा के सुझाव पर तैयार किया गया है। अगले सप्ताह इसे शहरवासियों के लिए खोल दिया जाएगा। नगर निगम ने दिल्ली के लोधी गार्डन की तर्ज पर यहां पर ओपन एयर जिम बनाया है इसके लिए इंजीनियरिंग विंग की टीम लोधी गार्डन में बने हुए जिम का स्टडी करके आई थी।
शांति कुंज शहर का सबसे पुराना और बड़ा गार्डन है। जहां पर सुबह और शाम के साथ साथ दोपहर को भी लोग सैर करने के लिए आते हैं। यहां पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के अलावा कई वीआईपी भी सैर करने के लिए आते हैं। यहां पर सैर करने वालों लोगों ने अपने -अपने ग्रुप भी बनाए हैं । ये लोग सैर के दौरान यहां गार्डन में ही मिले और फिर ग्रुप बनाकर इकट्ठे सैर कर रहे है। इस जिम के निर्माण में नगर निगम का करीब 7 लाख रुपये का खर्च आया है।
निशुल्क मिलेगी एक्सरसाइज की सुविधा
शांतिकुंज में एक मंच बना हुआ है, जिसके ऊपर ओपन एयर जिम बनाया गया है। इंजीनियरिंग विंग के अनुसार इसमें इस तरह के जिम के उपकरण फिट किए गए हैं जिसे एक जगह से दूसरी जगह पर नहीं ले जाया जा सकता है। इसे झूलों की तरह स्थायी तौर पर फिक्स किया गया है। इसमे इस तरह के उपकरण लगे होंगे जो बारिश में भी खराब नहीं होंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यहां पर जिम बनाया जा रहा है। सेक्टर-16 का शांतिकुंज का गार्डन रोज गार्डन के सामने ही है। रोज गार्डन में भी प्रतिदिन हजारों लोग सैर करने के लिए आते है। शांति कुंज में फूड शॉप भी है।
शांति कुंज में हजारों लोग सैर करने के लिए आते हैं। यहां पर ओपन एयर जिम बनने से पूरे शहरवासियों को फायदा मिलेगा। ओपर एयर जिम में एक्सरसाइज करने का अलग ही मजा होगा। जल्द ही इस जिम का उद्घाटन कर दिया जाएगा।
- प्रदीप छाबड़ा, पूर्व मेयर औरवार्ड पार्षद