मांगें पूरी न होने के चलते चिकित्सकों की नाराजगी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ेगा। हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को ओपीडी बंद रहेंगी। बुधवार-गुरुवार को ओपीडी सेवाएं बहाल रहेंगी। इन दो दिनों में मांगें नहीं मानी तो चिकित्सक 14 जनवरी शुक्रवार को इमरजेंसी सेवाएं बंद कर पूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे।
यहां फंसा है पेच
मांगों को लेकर सरकार से डॉक्टरों की सहमति भी हो चुकी है। फाइल स्वास्थ्य मंत्री अनिल से पास होकर सीएमओ ऑफिस में है। मांगें वित्त विभाग से जुड़ी हैं लेकिन यहां से फाइल पास नहीं होने के कारण ही नया नोटिफिकेशन जारी नहीं हो पा रहा है। इसी कारण वित्त विभाग के एसीएस से डॉक्टरों की बैठक तय की गई थी।
पहले भी कई बार आश्वासन मिल चुके
एचसीएमएसए के प्रदेश प्रधान डॉ. जसबीर परमार ने कहा कि बैठक पहले से ही तय थी लेकिन दोपहर को बताया गया कि वित्त विभाग के एसीएस को बुखार है। इसलिए बैठक नहीं हो पाई। एचसीएमएसए के आह्वान पर चिकित्सक मंगलवार को ओपीडी बंद रखेंगे। दो दिन में मांगें नहीं मानी तो 14 जनवरी से इमरजेंसी सेवाएं बंद कर पूर्ण हड़ताल की जाएगी। पहले भी कई बार आश्वासन मिल चुके हैं। अब फाइल पर वित्त विभाग की मुहर लगने के बाद ही बात की जाएगी।