चंडीगढ़। ऑक्सीजन कन्संट्रेटर खरीदने के लिए निगम को फिर से टेंडर करना होगा, क्योंकि पहली बार किए गए टेंडर में जिन कंपनियों ने आवेदन किया, उनमें से किसी के पास अनुभव नहीं था तो कोई दूसरे के प्रमाण पत्र पर माल बेच रहा था। एक कंपनी के योग्य बचने पर निगम ने रीटेंडर का फैसला लिया है।
चीफ इंजीनियर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को देने के लिए निगम 80 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर खरीद रहा है। इसके लिए लगभग 80 लाख रुपये का अनुमानित बजट बनाया गया है। ऑक्सीजन कन्संट्रेटर के लिए निगम ने जैम पोर्टल पर टेंडर किया था, जिसमें जेपी सिंघल एंड कंपनी, तोशनीवाल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, प्रोकमार्ट, इलाबोराडो, कृष्णा मेडिटेक और सर्वोटेक पावर सिस्टम लिमिटेड ने आवेदन किया। चीफ इंजीनियर ने बताया कि कृष्णा मेडिटेक ही एकमात्र टेंडर के योग्य कंपनी मिली। जेपी सिंघल एंड कंपनी और सर्वोटेक पावर सिस्टम लिमिटेड के पास अनुभव नहीं था, वहीं तोशनीवाल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने अब तक 25 ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर बेचे थे जबकि टेंडर के लिए कम से कम 64 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर बेचना अनिवार्य है। प्रोकमार्ट व इलाबोराडो का अपना स्वयं का सर्टिफिकेट नहीं था। सिंगल कंपनी का टेंडर खोला नहीं जा सकता है। इसलिए कमेटी ने फिर से टेंडर करने को कहा है। निगम अपने कोविड सेस से यह ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर खरीदकर स्वास्थ्य विभाग को देगा। इसके अलावा निगम ने 20 हजार ऑक्सीमीटर के लिए भी टेंडर किया है। यह भी निगम स्वास्थ्य विभाग को सौंपेगा।