लोकसभा चुनाव में केवल हिंदू फैक्टर असर करेगा। जो राजनैतिक दल राम मंदिर बनाने, हिंदू की सुरक्षा, गो हत्या रोकने, युवाओं को रोजगार, भ्रष्टाचार मिटाने और महंगाई रोकने जैसे मुद्दों के लिए कानून बनाएगा, देश पर वही राज करेगा।
इसके लिए विश्व हिंदू परिषद भी राजनैतिक दलों पर दबाव डालेगी। यह कहना था विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकारी अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया का।
वह सेक्टर-9 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार को आयोजित वार्षिक धर्म रक्षा निधि अर्पण समारोह में विशेष तौर पर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के संदीप कपूर ने तोगड़िया को तलवार भेंट की।
तोगड़िया ने कहा कि हिंदुओं की 56 हजार जाति-उपजातियां है और पूरी दुनिया की विविधिता हमारे देश में है।
उन्होंने दावा किया कि विश्व हिंदू परिषद ने 50 लाख लोगों को धर्म परिवर्तन करने से रोका है और 15 लाख हिंदुओं को हिंदू धर्म में वापस लाया है।
विहिप ने हिंदू धर्म से परिवर्तित हुए 11 हजार परिवारों को भी हिंदू धर्म में लाने का संकल्प लिया है।
विहिप देश के 48 हजार गांव में निशुल्क शिक्षा की अलख जगा रही है, जबकि विहिप द्वारा स्थापित 148 छात्रावासों में 50 हजार से भी ज्यादा विद्यार्थियों को निशुल्क रहने और शिक्षा की सुविधा मुहैया कराई है।
इसके बाद उन्होंने गांव रैली में माधव कंप्यूटर प्रशिक्षण सेवा केंद्र का भी उद्घाटन किया।
इस मौके पर कथावाचक मुकंदी लाल, विहिप के प्रांतीय अध्यक्ष कांति लाल सैनी, प्रदेश महामंत्री प्रद्युमण, जिलाध्यक्ष शरण दास कंबोज, संगठन मंत्री सत्यनारायण वर्मा और सत्य प्रकाश शर्मा सहित बजरंग दल के संदीप कपूर भी मौजूद थे।