अब प्याज की चिंता न करें, क्योंकि पड़ोस से काफी प्याज आ रहा है। संकट की घड़ी में इस पड़ोसी देश ने भारत का हमेशा ही साथ निभाया है। इस बार भी निभा रहा है और यहां बात हो रही है अफगानिस्तान की, जिसने पिछले छह दिनों में प्याज के 190 ट्रक भारत भेजे हैं।
शनिवार को वाघा सीमा के रास्ते अफगानिस्तान से 85 ट्रक प्याज अटारी सड़क सीमा पर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) में पहुंचे थे। सोमवार को 27 ट्रक प्याज आईसीपी में पहुंचे। इससे पहले भी सितंबर में अफगानिस्तान से प्याज के लगभग 30 से अधिक ट्रक भारत आए थे।
पाकिस्तान के साथ व्यापार करने वाले व्यापारी मानव तनेजा के अनुसार अफगानिस्तान से 35 से 40 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज भारत पहुंच रहा है। प्याज में कोई भी कस्टम ड्यूटी नहीं है। इसलिए आईसीपी से प्याज सीधा थोक मंडियों में पहुंच रहा है जहां प्याज 65 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
उन्होंने बताया की प्याज रिटेलर ने प्याज के दाम को बढ़ाया हुआ है। रिटेलर अफगानी प्याज को नासिक का प्याज बताकर बेच कर अधिक दाम वसूल रहे हैं। अफगानिस्तान के प्याज की गुणवत्ता बेशक नासिक के प्याज से कम है, इसके बावजूद अफगानी प्याज में स्वाद है।