पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वह दिल्ली से वापस जाने के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम की शुरुआत करेंगे। पहले चरण में पंजाब की 117 विधानसभाओं में से हर एक में एक-एक मोहल्ला क्लीनिक व मॉडल स्कूलों को तैयार किया जाएगा। इन्हें विकसित करने के बाद अगला चरण शुरू होगा। उन्होंने कहा कि बहुत से एनआरआई पंजाब सरकार की मदद को तैयार हैं। अच्छे मकसद के लिए वह स्कूल, गांव गोद लेने के लिए कह रहे हैं। सरकार उन्हें यह अवसर मुहैया कराएगी।
केजरीवाल ने विपक्ष को दिया जवाब
पंजाब की सरकार की चाभी दिल्ली के हाथों में चले जाने के विपक्ष के आरोपों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री मनीष सिसोदिया यूरोप गए थे। उन्होंने फिनलैंड की शिक्षा व्यवस्था से बहुत कुछ सीखा है। ऐसे में यह कह देना कि दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था फिनलैंड से चलती है तो हास्यास्पद होगा।
अभी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने दिल्ली का दौरा किया था। इसमें यह नहीं जा सकता कि तमिलनाडु सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है। केजरीवाल ने कहा कि इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है। वहां भी भाजपा की सरकार है। दिल्ली की एमसीडी को इंदौर निगम से सीखना चाहिए था, लेकिन भाजपा शासित दिल्ली की एमसीडी ने नहीं किया। अगर आम आदमी पार्टी की सरकार एमसीडी में आती है तो वह इंदौर से सीखेगी।