पशु छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानून की मांग
इस चर्चा में विधायक रणधीर गोलन, अमित सिहाग, शमशेर गोगी, बलराज कुंडू, राजकुमार गौतम, नीरज शर्मा, चिरंजीव राव, जोगी राम व अभय यादव ने हिस्सा लिया। उन्होंने अनेक सुझाव दिए। अभय ने कहा कि गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाओ। नीरज ने पशु छोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए सख्त कानून की मांग की। गौतम ने कहा कि गोपालकों को सरकार प्रोत्साहन राशि दे। गोलन ने कहा कि गोसंवर्धन आयोग के लिए बजट का प्रावधान किया जाए।
सड़कों पर नहीं रहेगा गोवंश: दलाल
पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि बेसहारा गोवंश सड़कों पर नहीं छोड़ा जाएगा। जितनी भी गाय बेसहारा हैं, उनके लिए गोशाला बनाई जाएंगी। बेसहारा पशुओं की समस्याओं से निपटने के लिए गंभीरता से विचार किया जा रहा हैं। लोगों को अपने पशु सड़कों पर नहीं छोड़ने चाहिए। सरकार के इस प्रयास के साथ अपनी ओर से भी सहयोग करना चाहिए। साढ़े चार लाख गोवंश अभी गोशालाओं में है। कोई भी व्यक्ति या संस्था 1000 रुपये प्रति एकड़ प्रति साल के तहत भूमि लेकर गोशाला खोल सकता है। गोशालाओं में नेचुरल पेंट बनाने का काम भी किया जाएगा। भारतीय गैस प्राधिकरण से गैस खरीदने के लिए विभिन्न समझौते किए गए हैं। राज्य में 600 गोशालाएं चल रही हैं। लाखों कुत्तों की नसबंदी की है।
चारा देने के लिए आगे आएं लोग: विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लोगों से आह्वान किया कि बेसहारा पशुओं के रखरखाव के लिए सरकार व्यवस्था कर ही रही है। चारा इत्यादि देने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। ऐसी व्यवस्था की आवश्यकता है, जिसमें गोचरान के लिए स्थान हो, भोजन की व्यवस्था हो। इसके लिए संस्थाएं भी आगे आएं। इसी प्रकार अन्य पशुओं के पालन की सामाजिक व्यवस्था भी होनी चाहिए। इससे लोगों को पुण्य भी मिलेगा।
डीसी के हाथ कुछ नहीं, सुशासन सहयोगी पैसे लेकर निपटा रहे फाइलें: कादियान
हरियाणा विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के तेवर कड़े रहे। चर्चा का प्रस्ताव भाजपा विधायक महिपाल ढांडा ने रखा और जजपा विधायक ईश्वर सिंह ने अनुमोदन किया। कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डीसी के हाथ में कुछ नहीं है। जिलों में सुशासन सहयोगी पैसे लेकर फाइलें निपटा रहे हैं।
उन्हें यह बात किसी ने बताई थी, जिसका उन्होंने खुद भी पता लगाया। इस पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कादियान साहब किसने पैसे लिए, कोई अफसर है तो उसका भी नाम बताओ। मुख्य सचिव यहां बैठे हैं, उनसे कहकर तुरंत जांच कराएंगे। कादियान ने कहा कि सीबीआई जांच कराओ तो नाम बताऊंगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत में इस मामले पर कहा कि नशे के कारोबार एवं भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्तियों के नाम हर बार सदन में लिए जाते हैं लेकिन, सदस्य पुख्ता प्रमाण नहीं देते। पिछली बार हमने इसे सामान्य रूप से लिया लेकिन इस बार ऐसे विधायकों के खिलाफ संसदीय कार्यमंत्री के माध्यम से गैर जिम्मेदाराना बयान देने पर विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाया जाएगा।
हुड्डा ने महिपाल पर ली चुटकी, नायर से भिड़े कुंडू
अभिभाषण पर चर्चा के दौरान महिपाल ढांडा ने सरकार के खूब कसीदे पढ़े। इस पर नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने ढांडा की कई बार चुटकी ली। बलराज कुंडू ने ईश्वर सिंह के बोलने के दौरान टोकाटोकी की तो भाजपा विधायक जगदीश नायर बीच में आ गए। इस पर कुंडू ने नायर के साथ बहस शुरू कर दी। ईश्वर ने कहा कि कांग्रेस शासन की तुलना सात साल में कोई कांड नहीं हुआ।
कुंडू बोले कि उनके पास दस्तावेज हैं, वे बताएंगे कि कौन-कौन से कांड हुए हैं। खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह व कांग्रेस विधायक जगबीर मलिक भी टकरा गए। मलिक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी साक्षी मलिक को नौकरी क्यों नहीं दे रहे। इस पर संदीप सिंह ने कहा कि निदेशक की नौकरी का प्रस्ताव दिया था, वह रेलवे की नौकरी छोड़कर नहीं आना चाह रहीं। मलिक बोले कि अभी नियुक्ति पत्र दो, साक्षी नौकरी ज्वाइन करेंगी।