चंडीगढ़। शहर में मंगलवार को कोरोना से जहां एक मरीज की मौत हो गई, वहीं, 23 संक्रमित मिले। मृतक की पहचान फैदा निवासी 65 वर्षीय वृद्धा के रूप में हुई है। उनको अचेत अवस्था में जीएमसीएच-32 लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद हुई कोरोना जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वृद्धा ने कोरोना के टीके की दोनों खुराक लगवाईं थीं।
स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे के दौरान 12116 लोगों की जांच की, जिनमें से 13 पुरुष और 10 महिलाओं में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमण दर 1.90 प्रतिशत पर पहुंच गई। वहीं, सात दिन की अवधि पूरी करने के बाद 27 मरीजों को छुट्टी दी गई। अब शहर में सक्रिय मरीजों की संख्या 211 है, जबकि अब तक 1163 मरीजों की मौत हो चुकी है।