चंडीगढ़। शहर में 26 दिन बाद शुक्रवार को कोरोना से एक मरीज की मौत की पुष्टि की गई, वहीं चार नए संक्रमित मिले। खुड्डा अलीशेर निवासी 36 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। जीएमएसएच-16 में हुई जांच में उसमें कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे पहले 5 जुलाई को शहर में एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई थी।
25 दिन बाद संक्रमित मरीज की मौत से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कं ग का कहना है कि लोग लापरवाही करने लगे हैं। कुछ दिन पहले तक संक्रमण दर शून्य पर आ चुकी थी, लेकिन अब धीरे-धीरे कई इलाकों में संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार को मिले चार संक्रमित मरीज क्रमश: सेक्टर 11, 36, 44 और 49 में मिले। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने 10 दिन की अवधि पूरी करने के बाद 4 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया। 24 घंटे के दौरान 1572 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 3 की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। शहर में सक्रिय केसों की संख्या 36 रह गई है। वहीं अब तक 810 मरीजों की मौत हो चुकी है।