बठिंडा के तलवंडी साबो में धर्मकांटा चलाने वाले एक व्यापारी से दो युवकों ने फोन कर 30 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। मामले में थाना तलवंडी साबो पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर रंगदारी मांगने वाले दोनों युवकों की पहचान कर ली है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि रंगदारी मांगने वाले दोनों युवक नशेड़ी है और किसी भी गैंग से जुड़े नहीं हुए हैं।
पुलिस को शिकायत देकर तलवंडी साबो के रहने वाले विकास सूद ने बताया कि वह तलवंडी साबो एरिया में धर्मकांटा चलाता है। 19 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले युवकों ने अपना नाम राजदीप सिंह व जतिंदर माही निवासी तलवंडी साबो बताया और उसे धमकी दी कि वह उन्हें 30 हजार रुपये की रंगदारी दे, नहीं तो गोली मारकर उसकी हत्या कर देंगे। पीड़ित व्यापारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर मामले की पड़ताल करते हुए फोन कॉल को ट्रेस किया और आरोपी राजदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसका दूसरा साथी जतिंदर माही अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई गुरतेज सिंह ने बताया कि फोन कॉल करने वाले किसी बड़े गैंग से नहीं जुड़े हुए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों युवक नशेड़ी हैं और नशा करने के लिए पैसे का प्रबंध करने के लिए उन्होंने फोन कर रंगदारी मांगी थी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।