गलत ऑपरेशन से आंखों की रोशनी गंवाने वाली कंसो की सोमवार शाम मौत हो गई। उसका परिवार गग्गोमहल की सरकारी डिस्पेंसरी में इलाज कराता रहा लेकिन कंसो की तबीयत में सुधार नहीं हो सका।
गुरदासपुर के गांव घुमाण में लगे शिविर में चार नवंबर को गग्गोमहल की 75 वर्षीय कंसो ने भी आंखों का ऑपरेशन कराया था। कंसो के बेटे हरदेव व बेटी गुरमीतो ने बताया कि आंख के ऑपरेशन के बाद से ही उनकी मां की आंखों में भी दर्द रहने लगा था।
वह उसे गग्गोमहल की सरकारी डिस्पेंसरी में इलाज के लिए ले जाते रहे। डॉक्टरों ने आंख की जांच कर कुछ दवाइयां दी थी लेकिन दवा डालने के बाद भी आंखों में तकलीफ जारी रही। सोमवार देर शाम कंसो ने दम तोड़ दिया।
आरोपी डॉक्टर सख्त सजा दें
परिवार के सदस्यों ने मांग की कि जिस डॉक्टर ने कंसो का ऑपरेशन किया है, उसे सख्त सजा दी जाए। उधर, जम्हूरी किसान सभा के अध्यक्ष डॉ. सतनाम सिंह अजनाला, गुरनाम सिंह उमरपुरा, बीबी अजीत कौर ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये की सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए।