सतरोल खाप ने कानून मंत्री सदानंद गौड़ा के खापों पर दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा कि खाप अगर संवैधानिक नहीं हैं तो आरएसएस भी संवैधानिक नहीं है। जबकि भाजपा भी आरएसएस के इशारों पर काम करती है।
सतरोल खाप के महासचिव कैप्टन महाबीर ने नारनौंद की चौपाल में आयोजित पंचायत में कहा कि कानून मंत्री को खापों का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि खाप 36 बिरादरी के लोगों को संगठित कर समाज को चलाने में अपना योगदान देती हैं।
खापों के माध्यम से ही गांव में स्कूल, चौपाल, गौशाला, धर्मशालाएं बनाई जा रही हैं। खाप नशा मुक्ति पर भी विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही है। देश के कानून मंत्री को खापों के बारे में ऐसा बयान नहीं देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खाप उस निर्णय का भी विरोध करेगी कि कोई भी व्यक्ति एक ही गौत्र या एक ही गांव में शादी कर सकता है। खापें ऐसा हरगिज नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि अंतरजातीय विवाह को सतरोल खाप ने काफी पहले ही मान्यता दे दी थी, क्योंकि सतरोल खाप जात-पात में विश्वास नहीं करती। यहां तक कि अंतरजातीय विवाह करने वाले युवाओं को सम्मानित भी करेगी।
वहीं, आदर्श सतरोल खाप के युवा प्रधान मुकेश लोहान ने कहा कि कानून मंत्री सदानंद गौड़ा अपने बयान पर तुरंत माफी मांगें, नहीं तो खापें उनके खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगी। इस मौके पर नारनौंद तपा के प्रधान होशियार सिंह लोहान, राजकुमार नंबरदार, मास्टर बलवान, खजान सिंह, राजबीर सिंह, सतपाल, गिरधाल सिंह मौजूद थे।