चंडीगढ़। शहर के सभी कॉलेजों को मंगलवार से खोलने के चंडीगढ़ प्रशासन ने निर्देश दे दिए हैं, लेकिन अभी सभी कॉलेजों में विद्यार्थियों की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षाएं फरवरी के आखिरी हफ्ते तक चलेगी। इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से तय टाइमटेबल के अनुसार कक्षाएं शुरू होंगी। कॉलेज प्राचार्यों ने बताया कि अब विद्यार्थियों की ऑफलाइन कक्षाएं मार्च में ही शुरू होंगी।
एक कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि लगभग डेढ़ हफ्ते पहले उच्च शिक्षा विभाग ने पेक व सभी कॉलेजों के प्राचार्यों की बैठक बुलाई थी। इसमें 15 से 18 वर्ष के उम्र के टीकाकरण को देखते हुए पूर्ण रूप से कॉलेजों में ऑफलाइन पढ़ाई शुरू करने पर सहमति बनी थी। पहले 18 से ऊपर उम्र वर्ग के विद्यार्थियों को ही टीका लगा था, इसलिए स्नातक कोर्स के पहले और दूसरे वर्ष के कई विद्यार्थी टीकाकरण से वंचित थे। वहीं अब सभी विद्यार्थियों ने टीकाकरण करवा लिया है, इसलिए कॉलेज विद्यार्थियों के लिए पहले की तरह सामान्य तौर पर चलेंगे।
हमने कॉलेज बंद ही नहीं किया
यूनिवर्सिटी की ओर से परीक्षाएं ऑनलाइन होनी थीं और शिक्षकों का प्रदर्शन चल रहा था, इसलिए कक्षाएं बंद थीं। हमें कॉलेज बंद करना ही नहीं पड़ा। विद्यार्थी अभी भी छात्रावास में रह रहे हैं, लाइब्रेरी की सुविधा भी दी जा रही है। अभी विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही हैं। मार्च में ही कक्षाएं शुरू हो पाएंगी। - डॉ. अजय वर्मा, प्राचार्य, एसडी कॉलेज-32
फरवरी के आखिरी हफ्ते में करेंगे विचार
अभी तो कॉलेज में सभी कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। फरवरी के आखिरी हफ्ते तक परीक्षाएं चलेंगी, तभी योजना बनाएंगे कि कैसे कक्षाएं शुरू की जाएं। मार्च में ही ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो पाएंगी। - प्रो. निशा अग्रवाल, प्राचार्य, पीजीजीसीजी-42