रोहतक में भीड़ ने प्रेमी जोड़ा समझ एक जीजा-साली को घेर लिया और जीजा की पिटाई कर दी और साली से भी हाथापाई की। काफी देर हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे लड़की के परिजनों ने बताया कि यह युवक उनका दामाद है और लड़की उनकी छोटी बेटी है। भीड़ ने आरोप लगाया कि जोड़ा काफी देर से गली में घूम रहा था और हरकत कर रहा था। बीच बचाव कर रहे लोगों ने किसी तरह जोड़े को उनकी कार में बैठाकर घर के लिए रवाना किया। देर रात तक पुलिस मामले की जानकारी होने से इंकार करती रही।
मामला शुक्रवार शाम 4 बजे का है। हुआ यूं कि प्रेम नगर चौक और सैनी कॉलेज के पास एक होटल है। होटल के पास एक लड़की और एक लड़का एक गली में घूम रहे थे। यहां लगातार बढ़ती छेड़छाड़ की घटनाओं से परेशान लोग एकाएक मौके पर पहुंच गए और दोनों को संदिग्ध हालत में खड़े होने के बारे में टोक दिया। इस पर बहस शुरू हो गई और भीड़ ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव कर युवक को भीड़ से बाहर निकाल रही लड़की से भी भीड़ ने हाथापाई की।