पंचकूला में रविवार को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का शपथ ग्रहण समारोह है। लेकिन, शहर में कुछ जगह रविवार को जाम लग सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों और मुख्य मंत्रियों का काफिला जब चंडीगढ़ की सड़कों से होकर पंचकूला के लिए जाएगा तो यहां कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोक दिया जाएगा, जिससे जाम लगने की उम्मीद है।
यूटी प्रशासन ने रविवार को चंडीगढ़ के एयरपोर्ट से शपथ ग्रहण समारोह स्थल तक चंडीगढ़ के हिस्से में आने वाले उन दोनों रूटों पर धारा 144 लगा दी है, जहां से मोदी का काफिला गुजरेगा। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक जाम से बचने के लिए लोगों को वैकल्पिक रूटों का इस्तेमाल करना होगा।
मोदी रविवार को सुबह 10:30 बजे चंडीगढ़ के टेक्निकल एयरपोर्ट पर उतरेंगे और दोपहर 12:45 पर एयरपोर्ट से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शुक्रवार को पीएमओ से जो कार्यक्रम आया था उसके तहत मोदी को दोपहर तीन बजे वापस लौटना था। लेकिन, शनिवार को कार्यक्रम बदल दिया गया और अब मोदी चंडीगढ़ पहुंचने के लगभग दो घंटे बाद ही वापस लौट जाएंगे।
यह रहेगा मोदी का रूट: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए दो रूट तैयार किए गए हैं। हालांकि, उम्मीद है कि मोदी का काफिला जीरकपुर के रास्ते ही पंचकूला जाएगा। ऐसे में चंडीगढ़ से जीरकपुर जाने या पंचकूला जाने वालों को दिक्कत आएगी। लेकिन, अगर मोदी का काफिला ट्रिब्यून चौक के रास्ते हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट होते हुए पंचकूला जाता है तो शहर में कई स्थानों पर जाम लग सकता है।
मोदी का काफिला एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से जीरकपुर की तरफ मुड़ेगा और जीरकपुर बैरियर से पंचकूला हाईवे होते हुए शपथ ग्रहण समारोह स्थल तक जाएगा। लेकिन, अगर किसी वजह से इस रूट का उपयोग नहीं होता है तो मोदी का काफिला टेक्निकल एयरपोर्ट से हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट होते हुए ट्रिब्यून चौक तक जाएगा और यहां से सेक्टर-29-इंडस्ट्रियल एरिया लाइट प्वाइंट होते हुए ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट तक जाएगा।
यहां से रेलवे लाइट प्वाइंट होते हुए कलाग्राम लाइट प्वाइंट के रास्ते हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट तक जाएगा और इसके बाद काफिला पंचकूला में प्रवेश करेगा। इन दोनों रूटों पर धारा 144 रहेगी और पुलिस की कड़ी सुरक्षा रहेगी। दोनों रूटों पर किसी तरह की पार्किंग की मंजूरी नहीं होगी।
गृह सचिव ने लिया जायजा: चंडीगढ़ के टेक्निकल एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए प्रशासन के सभी आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी पहली बार चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यूटी के गृह सचिव और कार्यवाहक प्रशासक के सलाहकार अनिल कुमार ने शनिवार को चंडीगढ़ के क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश जारी किए। अनिल कुमार चंडीगढ़ के हिस्से में आने वाले दोनों रूटों पर गए। उनके साथ डीआईजी एएस चीमा के अलावा कई अधिकारी मौजूद थे।