नर्सिंग अलाउंस और ग्रुप सी से ग्रुप बी में शामिल करने की मांग
चंडीगढ़। अलाउंस और ग्रुप सी से ग्रुप बी में बहाली की मांग को लेकर हरियाणा के नर्सिंग अधिकारी 28 दिसंबर को दो घंटे तक वर्क सस्पेंड रखेंगे। इनमें सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ मेडिकल काॅलेजों का नर्सिंग स्टाफ भी शामिल होगा। हालांकि, इस दौरान आपात सेवाएं जारी रहेंगी।
सांझा संघर्ष समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़ ने कहा कि 15 से 20 दिसंबर तक सभी कर्मियों ने काले बिल्ले लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया, लेकिन सरकार ने सुनवाई नहीं की। अब उन्हें मजबूरी में दो घंटे का वर्क सस्पेंड करना पड़ रहा है। बांगड़ ने कहा कि कैसे पूरे देश के नर्सिंग अमले ने कोविड त्रासदी में अपने परिवार व जीवन की परवाह किए बिना दिन-रात मरीजों को बेहतर सेवा दी। स्टाफ ने दोगुनी सैलरी लेने को भी बिल्कुल साफ मना कर दिया था। इसके बावजूद इतने दिन बाद भी कैडर की मांगों पर सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने चेताया कि अगर समय रहते सरकार ने नर्सिंग प्रोफेशन की जायज़ मांगों को न माना तो और आने वाले समय में सभी नर्सिंग कैडर और उसकी एसोसिएशन्स और फैसले लेगी। इस मौके पर उप प्रधान योगेश शर्मा, विकास यादव, मंजू कोचर आदि मौजूद रहे।