चंडीगढ़। आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हर ज़बान पर... गीत जैसे ही मधु और सनी शर्मा ने सुनाया तो ऑडियंस की तालियों की गड़गड़ाहट से टैगोर थियेटर का ऑडिटोरियम गूंजने लगा। मौका था एआर मैलोडीज द्वारा चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से रविवार को आयोजित ‘शंकर जयकिशन नाइट’ कार्यक्रम का। यह नाइट स्लम के बच्चों को समर्पित रही। इस कार्यक्रम के दौरान 33 गाने सुनाए गए। कार्यक्रम का आगाज प्यार हुआ इकरार हुआ.. गीत के साथ हुआ। इस गीत को आम्रपाली और दीपांशु महाजन ने गाया। इसके बाद चले जाना जरा ठहरो किसी का दिल धड़कता है.. गीत को रंजीत सिंह और रितु ने गाया। इसके बाद मधु और सनी शर्मा ने आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हर ज़बान पर.. सुनाकर श्रोताओं को रोमांचित कर दिया। इसके बाद यशपाल और रीता ने सौ साल पहले मुझे तुमसे प्यार था.. गीत सुनाकर सभी को रोमांटिक कर दिया। इस कार्यक्रम में जैसे ही अनिल शर्मा ने एन इवनिंग इन पेरिस का टाइटल सांग गाया तो ऑडियंस ने तालियों से उनका स्वागत किया। इस मौके पर इष्टप्रीत और पायल ने मुझे कितना प्यार है तुमसे.. गीत सुनाकर समा बांध दिया। इस मौके पर डॉ. एसएस प्रसाद ने आवारा हूं.. आवारा हूं.. या गर्दिश में हूं.. आसमान का तारा हूं.. गीत से सभी का दिल जीत लिया। इस मौके पर डॉ. अरुण कांत और टीम ने तू प्यार का सागर है सुनाकर सभी को अपना दीवाना बना लिया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी जगदीप ढांडा ने दुनिया बनाने वाले काहे को दुनिया बनाई...गीत गाकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत बबिता और नवीन चावला के दिन सारा गुजारा तोरे अंगना अब जाने दे मुझे मोरे सजना... मेरे यार शब्बा खैर गीत सुनाकर माहौल को रोमांचक बना दिया।
नियमित करते हैं रियाज.. तभी हैं ये स्टेज के सरताज
टैगोर थियेटर में गीत गाने वाले इस गायकों से जब उनके रियाज को लेकर बातचीत की गई तो सभी का कहना था कि वह रोजाना रियाज करते हैं। बिना रियाज के स्टेज पर गीत गाना असंभव है। इस मौके पर जगदीप ढांडा ने कहा कि उन्हें बचपन से ही गायन का शौक था। जब प्रशासनिक सेवाओं में आए तो उस समय भी इस शौक को बरकरार रखा। अब जो कार्यक्रम होेते हैं तो उसमें जरूर प्रतिभागिता करते हैं। इस मौके पर अपने गीत से ऑडियंस का दिल जीतने वाले अनिल शर्मा ने कहा कि उनका रियाज भी लगातार होता है। उनको भी बचपन से ही गायन का शौक था और यह शौक अभी तक यूं ही बरकरार है और रहेगा। कार्यकम का आयोजन करने वाली जसप्रीत ने कहा कि उनकी कोशिश होती है कि ज्यादा से ज्यादा टैलेंट को सामने लाया जाए। जिससे युवाओं को मंच मिल सके।