बहुत से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा रोजाना के लिए निर्धारित एक्टिविटी नहीं करवा रहे थे। इसके बाद विभाग ने एक मोबाइल एप तैयार करवा लिया है। अब हर प्रिंसिपल को एप पर नियमित रूप से एक्टिविटी की सारी जानकारी देनी होगी। जानकारी के मुताबिक शिक्षा सचिव कृष्ण कुमार ने अप्रैल और मई में प्रिंसिपलों के साथ बैठक की थी।
इसमें सभी प्रिंसिपल ने जून तक के पहले क्वार्टर में निर्धारित एक्टिविटी करवाने और उनका टारगेट पूरा करने पर सहमति जताई थी। विभाग की जानकारी में आया है कि बहुत से स्कूलों में एक्टिविटी नियमित रूप से करवाई ही नहीं जा रही।
शिक्षा सचिव ने इस संबंध में सभी प्रिंसिपल को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि स्कूल विजिट के दौरान सामने आया है कि कुछ स्कूलों ने तो एक्टिविटी के निर्धारित टारगेट से ज्यादा किया है और कई ने सभी एक्टिविटी करवाई ही नहीं। इसे देखते हुए एक सॉफ्टवेयर और एक मोबाइल एप तैयार करवाया गया है।
सभी स्कूल प्रिंसिपलों को अब इस एप के जरिए सारी जानकारी देनी होगी। इसके बाद कोई भी स्कूल निर्धारित गतिविधियां करवाने से बच नहीं सकेगा। गौरतलब है कि पढ़ो पंजाब, पढ़ाओ पंजाब प्रोजेक्ट के तहत विभाग ने स्कूलों के लिए कई गतिविधियां निर्धारित की हैं। स्मार्ट स्कूलों के लिए मल्टीमीडिया कंटेंट बनवाया गया है। बच्चों को रोजाना अंग्रेजी और पंजाबी के एक-एक शब्द सीखने को दिए जाते हैं। इसके अलावा लाइब्रेरी के प्रयोग पर भी जोर दिया जा रहा है।