पीजीआई के उन मरीजों को आज से राहत मिलेगी, जिन्हें एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक जाना पड़ता था।
पीजीआई को बुधवार को चार गोल्फ कार्ट मिलेंगे। यह गोल्फ कार्ट एसबीआई की ओर से पीजीआई के मरीजों को समर्पित की जा रही है।
इस मौके पर पीजीआई में बुधवार को दोपहर बारह बजे कैरो ब्लॉक में एक समारोह आयोजित होगा। समारोह में पीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर योगेश चावला भी मौजूद रहेंगे।
गोल्फ कार्ट के अलावा बैंक की ओर से न्यू ओपीडी में एक हजार कुर्सियां दी जा रही हैं। इन कुर्सियों की विशेषता है कि खाली होने पर इनमें मरीज लेट भी सकता है।
इन कुर्सियों के बीच में कोई भी गेप नहीं है। इससे पहले ओपीडी में जो कुर्सियां लगी थीं, उनमें व्यक्ति सिर्फ बैठ सकता है, लेटने की सुविधा नहीं थी। इससे मरीजों व उनके रिश्तेदारों को परेशानी आती थी। कुर्सियां पहले ही ओपीडी में फिट की जा चुकी हैं।
झटके नहीं लगेंगे
न्यू ओपीडी से पुरानी पीजीआई में जाने के लिए संस्थान की ओर से फिलहाल फ्री बस सेवा चलाई जा रही है। लेकिन गोल्फ कार्ट बस से कहीं बेहतर होगी।
यह धीमी गति से चलेगी जिससे मरीजों को झटके नहीं लगेंगे। यह काफी सुविधाजनक भी होगी। गोल्फ कार्ट का अभी रूट तय नहीं किया गया है। हालांकि इसे न्यू ओपीडी से इमरजेंसी के अलावा गोल मार्केट, बैंक तक चलाया जा सकता है।
सेक्टर-16 में लगेंगी नई डेंटल चेयर
सेक्टर 16 स्थित मल्टीस्पेशलिएटी हास्पिटल में इस साल डेंटल चेयर लग जाएंगी। इससे दंत रोगियों को बहुत फायदा मिलेगा। फिलहाल यहां की डेंटल चेयर पुरानी हो चुकी हैं, जिस पर इलाज नहीं किया जा सकता।