हरमिलाप नगर में मोबाइल टावर लगाने के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने रविवार को मामले की सूचना पुलिस को दी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करा दिया।
लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से कंपनी के कर्मचारी रात के समय चोरी छुपे टावर लगा रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पंचकूला में इस कंपनी की ओर से पार्कों में टावर लगाने पर विवाद हो गया था। विवाद गहराने पर कंपनी ने अपनी रणनीति में परिवर्तन किया है और अब कंपनी पंचकूला की सीमा को पार कर आसपास के इलाकों में टावर लगाने के लिए प्रयासरत है।
लेकिन, हैरानी की बात यह है कि पहले जब पंचकूला के पार्कों में टावर लगाने की अनुमति दिए जाने का विरोध हुआ तो फिर हरमिलाप नगर में रिहायशी क्षेत्र में कंपनी को टावर लगाने की कैसे अनुमति मिली।
स्थानीय निवासी विनय कौशिक, एसएस नंदा और वेलफेयर एसोसिएशन, हरमिलाप नगर विजय लक्ष्मी ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में टावरों के लगाए जाने से हर वक्त हादसे का खतरा बढ़ जाएगा।
डॉ. अशोक मड़िया, सतीश शर्मा, नवकेश आनंद ने कहा कि हरमिलाप नगर में एक स्कूल भी है, जो टावर लगाए जाने वाली जगह से महज 300 फुट की दूरी पर है। बलटाना चौकी इंचार्ज ने बताया कि इस मामले की शिकायत मिलते ही टावर लगाने का काम रुकवा दिया गया है।