चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल ने बुधवार शाम सेक्टर-52 के पास से कुख्यात अपराधी रिंकू उर्फ पोटली को दबोच लिया। उससे 315 बोर की राइफल बरामद हुई है, जिसे वह हरियाणा में अपने एक साथी को देने जा रहा था। वीरवार को ऑपरेशन सेल ने रिंकू को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।
ऑपरेशन सेल टीम बुधवार देर शाम सेक्टर-43 के पास गश्त कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि सेक्टर-52 निवासी रिंकू उत्तर प्रदेश से करीब छह महीने से राइफल लेकर आया है। उसका हरियाणा में कई आपराधिक लोगों से संपर्क है। राइफल को वह हरियाणा में रहने वाले अपने साथी को देने के लिए सेक्टर-43 बस अड्डे के रास्ते जाएगा।
सूचना पर टीम ने सेक्टर-52 स्थित पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी कर दी। इस बीच आरोपी हाथ में सफेद रंग कर प्लास्टिक बैग को लेकर आता दिखाई दिया। रोककर तलाशी करने पर तौलिए में लपेट कर छुपाया गया राइफल बरामद हुआ। टीम आरोपी को पकड़कर सेक्टर-36 थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चंडीगढ़ थानों में अलग अलग धाराओं में 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, टीम रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है कि वह राइफल को किसे देने जा रहा था।