नोटबंदी के नाम पर बैंकों की मनमानी का शिकार आमआदमी बन रहा है। केंद्र के आदेशों का उल्लंघन करने में भी बैंक गुरेज नहीं कर रहे। कुछ ऐसा ही वाकया इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी के साथ हुआ।
बीमार पत्नी के कीमोथिरेपी कराने के लिए पैसे निकालने गए अफसर को बैंक कर्मियों ने 24 हजार के चेक पर मात्र दो हजार रुपये दिए। मौली गांव निवासी रिटायर्ड अधिकारी गुरचरण ने बताया कि उनकी पत्नी सीमा देवी ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित हैं।
उनकी तबीयत वीरवार को अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उनको सेक्टर-6 पंचकूला के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी के चलते डॉक्टरों ने कीमोथिरेपी के लिए दवाइयां लाने को कहा। दवाइयों की कीमत काफी अधिक थी, लिहाजा उन्होंने मौलीजागरां स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में संपर्क किया।