सेक्टर-3 में पंजाब भवन टावर पर चढ़े दो बेरोजगार टीचर अभी उतरे भी नहीं हैं कि वीरवार को तीन और बेरोजगार एक अन्य मोबाइल टावर पर चढ़ गए। ये लोग सुबह सात बजे के करीब टावर पर चढ़े हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। तीनों बेरोजगार पंजाब सीएम से मुलाकात की मांग कर रहे हैं।
इनके टावर पर चढ़ने की सूचना पर डीएसपी और एसएचओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्हें नीचे आने को कहा। लेकिन, उन्होंने इंकार कर दिया। ये लोग अपने साथ पेट्रोल और अन्य सामान साथ लेकर गए हैं।
एलिमेंट्री टीचर ट्रेनिंग (ईटीटी) डिग्रीधारक और टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट पास करने वाले जतिंदर कौर (23), हरप्रीत कौर (32) दोनों बठिंडा निवासी और तरण औलख (27) निवासी मानसा बेरोजगार टीचर यूनियन पंजाब से जुड़े हुए हैं।
ये तीनों कांग्रेस नेता और पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के पड़ोसी हरभजन सिंह सिंगला के घर में मौजूद टावर पर चढ़े हैं। हरबंस कौर सिंगला के अनुसार उनके घर पर काम करने वालों ने सुबह करीब 10 बजे उन्हें बताया कि कुछ लोग उनके घर पर लगे टावर पर चढ़ गए हैं।
इससे पहले सुबह उन्हें टावर के इर्दगिर्द लगे कंटीले तारों के कटने की आवाज आई थी, लेकिन बाहर जाकर देखा तो कुछ नहीं दिखा था। हरबंस कौर के अनुसार तीनों लोग सुबह करीब 6:45 बजे पीछे की तरफ से उनके घर में घुसे और कंटीले तार काटकर टावर के पास बैठ गए। इसके बाद ये लोग 10 बजे के करीब एक-एक कर टावर पर चढ़ गए।
पंजाब भवन के टावर पर बैठे दोनों टीचरों की हालत बिगड़ी
टावर पर टीचर
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर डीएसपी सेंट्रल रामगोपाल और सेक्टर-3 एसएचओ पूनम दिलावरी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तीनों को नीचे उतरने को कहा तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया।
तीनों का कहना था कि जब तक पंजाब सीएम प्रकाश सिंह बादल शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों के साथ मिलकर बैठक नहीं करते तब तक वह नीचे नहीं उतरेंगे। चाहे इसके लिए उन्हें अपनी जान क्यों न देनी पड़े।
चंडीगढ़ पुलिस ने मौके पर एंबुलेंस और सुरक्षा के सभी इंतजाम कर दिए हैं। वहीं तीनों बेरोजगार अपने साथ टावर पर खाना, पानी कपड़े, मोबाइल, मोबाइल पावर बैंक तक साथ लेकर गए हैं।
पंजाब भवन के टावर पर बैठे दोनों टीचरों की हालत बिगड़ी
नौकरी न मिलने से गुस्साए पंजाब भवन के मोबाइल टावर पर तीन नंवबर से बैठे दीपक और राकेश की हालत बिगड़ती जा रही है। बेरोजगार टीचर यूनियन के प्रधान अमरजीत सिंह के अनुसार दीपक की आंख में इंफेक्शन हो गया है।
इसके अलावा राकेश की भी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों को मोबाइल टावर पर बैठे हुए दो हफ्ते से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक पंजाब सरकार की ओर से उनकी कोई सुध नहीं ली गई है।