पंजाब कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नियंत्रण रेखा पर तीन जवानों की शहादत का जिक्र करते हुए आरोप लगाया है कि भारत सरकार सीमा पर हालात को काबू पाने में असफल रही है।
साथ ही कहा है कि मोदी सरकार एक बार फिर जानबूझ कर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई कदम न उठाकर युद्ध के हालात पैदा करने का प्रयास कर रही है। ऐसा नोटबंदी के चलते पेश आ रही समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने की मंशा से किया जा सकता है।
कैप्टन ने कहा कि सरकार के बड़े दावों के बावजूद जवानों की शहादत की घटना बताती है कि सीमा पर युद्ध संबंधी हालात पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर को पद से हटाने की मांग की है।
कहा है कि जवानों की शहादत ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के झूठ की पोल भी खोल दी है। शाह का दावा था कि मोदी सरकार में सीमाएं सुरक्षित हैं। कैप्टन ने कहा कि नोटबंदी के चलते फैले रोष से लोगों का ध्यान भटकाने को ऐसी घटनाओं की इजाजत दी जा रही है।