रोपड़ के लिए राहत की खबर है कि अब जिले में कोरोना वायरस का कोई पॉजिटिव नहीं है। जानकारी के अनुसार पॉजिटिव आई गांव चतामली निवासी महिला की दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। गौरतलब है कि जिला के गांव चतामली में तीन पॉजिटिव केस सामने आए थे। इनमें से एक 55 साल के मरीज की आठ अप्रैल को पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
उसकी पत्नी और बेटा भी संक्रमित मिले थे। इनमें से बेटे के दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट मंगलवार को निगेटिव आ गई थी और उसकी माता की रिपोर्ट बुधवार शाम निगेटिव आ गई है। जिले में अब तक 77 सैंपल लिए गए हैं। जिनमें से 65 टेस्ट नेगेटिव आ चुके हैं। बाकी की रिपोर्ट आना बाकी है।
लुधियाना में जमाती की रिपोर्ट निगेटिव, सिविल अस्पताल से छुट्टी
कोरोना वायरस के खिलाफ लुधियाना के तीन लोग जंग जीत चुके है। बुधवार को एक जमाती की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे घर भेज दिया गया है। लुधियाना में अभी तक तीन मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके है। एक महिला की रिपोर्ट बुधवार देर रात तक आने की उम्मीद है। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि गांव चौकीमान से एक व्यक्ति को चार अप्रैल को सिविल अस्पताल लाया गया था। पांच अप्रैल को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इसके बाद उसे सिविल अस्पताल में आइसोलेट किया गया था। बुधवार को उसकी दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद घर भेज दिया गया है। इससे पहले मंगलवार को राजगढ़ निवासी व्यक्ति को घर भेजा जा चुका है। कोरोना से पीड़ित सबसे पहली महिला भी ठीक होकर घर जा चुकी है। इस समय आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती अमरपुरा मोहल्ला निवासी महिला का दूसरा टेस्ट जांच को भेजा जा चुका है। उसकी रिपोर्ट बुधवार देर रात तक आ जाएगी।