चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिटको) ने सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक में सुखना लेक की तर्ज पर बोटिंग शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन यह योजना फिलहाल सिरे चढ़ती दिखाई नहीं दे रही है। बोट चलाने के लिए सिटको की तरफ से जारी टेंडर में किसी कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई है।
टेंडर में एक भी आवेदन के नहीं आने के बाद सिटको ने अब आवेदन के लिए 10 दिन और बढ़ा दिए हैं। इच्छुक एजेंसियां इस काम के लिए चार जनवरी तक आवेदन कर सकती हैं, जबकि इससे पहले 24 दिसंबर आवेदन के लिए आखिरी तारीख निर्धारित की गई थी। इस संबंध में सिटको के एक अधिकारी ने बताया कि यहां पर दो और चार सीटर पैडल बोट चलाने की योजना है। सिटको की ओर से जो भी कंपनी तय की जाएगी, वह अपने लाभ का कुछ हिस्सा सिटको को भी देगी। तमाम कोशिशों के बाद भी किसी कंपनी के रुचि न दिखाने के चलते ही सिटको ने आवेदन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। दरअसल, सिटको सेक्टर-42 की न्यू लेक पर सुखना लेक की तर्ज पर ही पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहता है, इसलिए बोटिंग शुरू करने के लिए टेंडर जारी किया गया था। गौरतलब है कि सुखना लेक में फिलहाल 60 के करीब पैडल बोट चल रही हैं।