डिब्रूगढ़ जेल में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत बंद अमृतपाल सिंह का भारतीय निर्वाचन आयोग ने नामांकन स्वीकार कर लिया है। अमृतपाल अब जेल में रहकर खडूर साहिब से चुनाव लड़ेंगे।
अमृतपाल सिंह ने बीते दिनों नामांकन भरने के लिए सात दिन की रिहाई मांगी थी। हाईकोर्ट ने इसे अस्वीकार कर दिया था। हालांकि मुख्य निर्वाचन कार्यालय और पंजाब सरकार की मदद से अमृतपाल का जेल से नामांकन भराया गया था। खालिस्तानी समर्थक और वारिस पंजाब दे चीफ अमृतपाल सिंह को इस सीट से शिअद अमृतसर की ओर से भी समर्थन दिया जा रहा है। उसने निर्दलीय के तौर पर नामांकन भरा है। नामांकन दाखिल करते समय अमृतपाल ने बताया था कि पंजाब में उस पर 10 और असम में एक आपराधिक मामला दर्ज है।
जेल से चुनाव लड़ने का नियम
नियमों की बात करें तो जब तक किसी कैदी या आरोपी को दोषी करार देकर सजा नहीं सुनाई जाती, वह जेल में रहकर चुनाव लड़ सकता है। साल 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने जेल में रहकर चुनाव लड़ने से जुड़े एक मामले में मंजूरी दी थी। जेल में रहकर अगर कोई चुनाव जीत जाता है तो उसे शपथ लेने के लिए रिहा किया जाता है।
1989 में शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के नेता सिमरनजीत सिंह मान ने तरनतारन से चुनाव लड़ा था। उस समय वह भागलपुर जेल में बंद थे। मान पर अवैध तरीके से काठमांडू में जाने के आरोप थे। जबकि पटियाला से उनकी पार्टी के नेता अतिंदरपाल सिंह भी जेल में रहते हुए जीते थे। अतिंदरपाल उन दिनों तिहाड़ जेल में बंद थे।
शिअद के सुखबीर बादल समेत 77 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए कुल 598 प्रत्याशियों ने आवेदन किए। चुनाव आयोग ने इनकी छंटनी का काम 15 मई से शुरू किया। पहले दिन कुल 77 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए। 296 नामांकनों को मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने तय मानकों के अनुरूप जांच-पड़ताल के बाद मंजूर किया है। जो प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, वह 17 मई तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। जिन 77 प्रत्याशियों का मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने नामांकन रद्द किया है, उसमें शिअद के सुखबीर बादल, जय इंद्र कौर सहित आम आदमी पार्टी, भाजपा, आप, शिअद, कांग्रेस और अन्य दलों के प्रत्याशी शामिल हैं। सबसे ज्यादा निर्दलीय के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के नामांकन रद्द किए गए हैं।
कुछ अलग दल भी आजमा रहे किस्मत
जिन 296 प्रत्याशियों का नामांकन स्वीकार किया गया है, उनमें कई छोटे दलों के प्रत्याशी शामिल हैं। लुधियाना से जन सेवा ड्राइवर पार्टी के प्रत्याशी राजीव कुमार, नेशनल जस्टिस पार्टी से दर्शन सिंह, भारतीय जवान किसान पार्टी के भूपिंदर सिंह, ग्लोबल रिपब्लिकन पार्टी के शिवम यादव, फरीदकोट से साझी विरासत पार्टी की प्रत्याशी कुलवंत कौर, फिरोजपुर से इंडिया प्रजा बंधु पार्टी के कुलदीप सिंह, पटियाला से अखिल भारतीय परिवार पार्टी के रणजीत सिंह जैसे नाम शामिल हैं।