चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशन पर रेल नीर की बोतलें न मिलने पर यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है। अमर उजाला ने रियल्टी चेक किया तो पाया कि शुक्रवार को सुबह से ही स्टेशन के सभी स्टालों पर रेल नीर नहीं था। इसके चलते यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है।
स्टाल संचालकों का कहना हैं कि रेल नीर की सप्लाई नहीं आ रही है। इसके चलते शुक्रवार को सुबह से ही रेल नीर का स्टॉक खत्म हो गया। संचालकों ने बताया कि रेल नीर को छोड़कर अन्य किसी कंपनी का पानी वह नहीं बेचने सकते। इसके लिए रेलवे ने उन्हें सख्त हिदायत दी है। यात्री स्टेशन पर लगे नलों से प्यास बुझा रहे हैं।
इस बारे में स्टाल संचालकों ने स्टेशन अधीक्षक को जानकारी दी है कि रेलवे स्टेशन पर रेल नीर के पानी का स्टॉक खत्म हो गया है। रेल नीर की कमी सिर्फ चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ही नहीं बल्कि अंबाला, कालका व मोहाली स्टेशन पर भी है।
एक हजार बोतल रोजाना की खपत
रेलवे स्टेशन पर एक दिन में करीब एक हजार बोतल की खपत है। गर्मी में करीब 12 से 1500 बोतलें बिकती हैं। ऐसे में आने वाले दो तीन दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं आई तो यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
स्टेशन पर एक वाटर कूलर
रेलवे स्टेशन पर वाटर कूलर की बात करें तो सिर्फ एक वाटर कूलर है। ऐसे में अगर रेलवे विभाग रेल नीर उपलब्ध नहीं कराता है तो लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
वाटर प्लांट में नहीं है पानी
रेलवे विभाग की ओर से नॉर्थ जोन के रेलवे स्टेशनों पर रेल नीर उपलब्ध करने के लिए बनाए गए वाटर प्लांट में रेल नीर का स्टाक खत्म हो गया है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेल नीर के सप्लायर मोहित कुमार का कहना है कि पानी की कमी के बारे में दिल्ली सूचना दे दी थी।
लेकिन रेलवे विभाग के अधिकारियों का कहना हैं कि प्लांट में पानी ही नही है, ऐसे में हम रेल नीर कैसे उपलब्ध करा सकते हैं। जानकारी के मुताबिक अमृतसर, बठिंडा, व लुधियाना के सेंटर्स में रेल नीर नहीं है।