चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार ने शनिवार को सेक्टर-7 स्थित पेड पार्किंग साइट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान दो वाहनों को बिना पार्किंग पर्ची या वैध पास के बाहर जाने देने की चूक सामने आई जिस पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को लापरवाह कर्मचारियों की तैनाती बदलने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र की किसी भी पेड पार्किंग में 15 मिनट सहित किसी भी प्रकार की मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को भी शुल्क में कोई छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्विगी, जोमैटो समेत किसी भी डिलीवरी सेवा के वाहन को निर्धारित शुल्क के बिना प्रवेश या निकास की अनुमति न दी जाए। रोड डिविजन-1, 2 और 3 के अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। उल्लंघन पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई होगी।