पंजाब में किसी भी बूथ पर री-पोलिंग नहीं होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह के अनुसार पटियाला में जिस ईवीएम को नुकसान पहुंचा था, उसकी जांच कर ली गई है। उसकी केवल स्क्रीन टूटी थी, जबकि वोटिंग से संबंधित विवरण पूरी तरह सुरक्षित है। इसलिए संबंधित बूथ पर भी पुन: मतदान की जरूरत नहीं है।
बढ़ेगी मतों की संख्या
अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी रमिंदर सिंह ने बताया कि बेशक अंतिम रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में मतदान 71 फीसदी रहा है, लेकिन इसमें पोस्टल बैलेट और सर्विस वोटर्स के मत शामिल नहीं हैं। इनकी संख्या जुड़ने पर कुल मतदान कुछ बढ़ जाएगा।
प्रशासकीय, विकास कार्यों में आयोग ने दी आंशिक छूट
चुनाव आयोग ने प्रशासकीय एवं विकास कार्यों के संबंध में आंशिक छूट दी है। आयोग की ओर से कहा गया है कि पंजाब में जिन जिलों में पुन: मतदान होना है, उन्हें छोड़कर बाकी जगहों पर प्रशासकीय एवं विकास कार्य किए जा सकते हैं। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने साथ ही स्पष्ट किया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार चुनावों से जुड़े किसी भी अधिकारी की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक बदली नहीं की जा सकती और न ही मंत्रियों द्वारा चुनावों से संबंधित अधिकारियों से प्रगति या जायजा लेने संबंधी बैठक की जा सकती है।