हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि प्रदेश की ज्यादातर तहसीलों में रजिस्ट्री प्रक्रिया का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। आम लोगों को इससे संबंधित जो भी समस्याएं आ रही है। उसे तुरंत दुरुस्त करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए जा चुके हैं।
मंगलवार को वे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में ‘रजिस्ट्रेशन डीड’ से संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रदेश में रजिस्ट्री प्रक्रिया के बारे में दुष्यंत ने बताया कि इस सोमवार (7 सितंबर) को राज्य की 80 तहसीलों में 1787 अप्वाइंटमेंट हुई हैं और 881 लोगों की डीड रजिस्टर की गई। चार करोड़ 46 लाख 88 हजार की स्टांप ड्यूटी और करीब 44 लाख रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस राज्य को राजस्व के रूप में मिली है।
करनाल में 28, कैथल में 58, नरवाना में 29, फतेहाबाद में 32, तोशाम में 31, फतेहपुर में 23, पंचकूला में 24, रेवाड़ी व रानियां में 22 और दादरी में 37 रजिस्ट्रियां एक ही दिन में हुई हैं। बैठक में दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि जमीनों की ऑनलाइन रजिस्ट्रियों के मामले में जो भी दिक्कतें आ रही है उसे यथाशीघ्र दूर करें। जिससे लोगों के काम तत्काल हो सकें। उन्होंने कार्य में सुस्ती दिखाने वाले अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि अगर वे अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हुए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने ऑनलाइन ‘रजिस्ट्रेशन डीड’ में आ रही समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण करने के लिए एक समर्पित टीम की जिम्मेदारी लगाएं। जिससे लोगों को सुविधा हो और सिस्टम में पारदर्शिता आए।
यह भी देखें: हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-