मानसा में दलित युवक सुखचैन सिंह का कत्ल
- फोटो : अमर उजाला
मानसा में कत्ल किए गए युवक सुखचैन सिंह का तीसरे दिन भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका। वहीं, मां ने पुलिस वालों को आड़े हाथों लिया।
मृतक सुखचैन की मां कर्मजीत कौर का कहना है कि उनके बेटे की लाश एक आरोपी के घर में पड़ी रही और बाद में उसको गली में फेंक दिया गया। पुलिस वहां छानबीन करने का ड्रामा करती रही। अब उसकी लाश अस्पताल में पड़ी है, जिसको इंसाफ नहीं मिल रहा।
दूसरी ओर, वीरवार को तीसरे दिन भी मृतक सुखचैन सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। मृतक की मां कर्मजीत कौर व पिता रेशम सिंह का कहना है सभी आरोपियों को जब तक नहीं पकड़ा जाता तब तक सुखचैन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
आरोपियों ने कबूला गुनाह, तीन दिन के रिमांड पर
मानसा में दलित युवक सुखचैन सिंह का कत्ल
- फोटो : अमर उजाला
हत्याकांड में गिरफ्तार तीन आरोपियों का मानसा पुलिस ने वीरवार को तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। एसएसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि उनके पास से कत्ल में इस्तेमाल किया तेजधार हथियार बरामद कर लिया है।
उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान उक्त आरोपियों से पूछताछ कर अन्य लोगों के बारे में जानकारी ली जाएगी। एसएसपी सुखविंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी साधु सिंह, हरदीप सिंह व बलवीर सिंह से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभी तक आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उनसे रिमांड के दौरान और पूछताछ की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि सभी आरोपियों को काबू कर परिवार का इंसाफ दिया जाएगा। जांच के बाद थाना मुखी समेत अन्य जिम्मेवार अफसरों पर भी कार्रवाई होगी।
मृतक की मां नेताओं के साथ धरने पर बैठी
मानसा में दलित युवक सुखचैन सिंह का कत्ल
- फोटो : अमर उजाला
कर्मजीत कौर पार्टियों के नेता समेत धरने पर बैठीं। वीरवार सुबह गांव घरागणा में परिवार के साथ दुख बांटने के लिए बसपा पंजाब के इंचार्ज अवतार सिंह करीमपुरी, आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह खालसा, पीपीसीसी एस विभाग के चेयरमैन राजकुमार झंबेवाल, भाजपा के महासचिव केवल कुमार, सुच्चा सिंह छोटेपुर, सीपीआई एमएल लिब्रेशन के राजविंदर सिंह राणा, मजदूर मुक्ति मोर्च के भगवंत सिंह समाओ, पीपीसीसी एस विभाग की राजिंदर कौर मीमसा परिवार के साथ धरने पर बैठे।
एससी कमीशन ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
गैर सरकारी पंजाब राज्य अनुसूचित जाति कमीशन के करणवीर सिंह इंदोरा ने सिविल अस्पताल का दौरा कर सुखचैन सिंह के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस मामले की डीएसपी स्तर की जांच करवाई जाएगी। इसमें एससी एक्ट भी लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कमीशन अपने स्तर पर जांच करेगा। परिवार ने सुरक्षा की मांग की है, इस पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को साढ़े 7 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इस दौरान एसपी राकेश कुमार, डीएसपी जसमीत सिंह, मुकुल देव मौजूद थे।