शहीद मनदीप के गांव में नहीं मनाई जाएगी दीवाली
कुपवाड़ा में बेटे के शहीद होने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांववासियों ने अब दीवाली न मनाने का ऐलान किया है। परिजनों के दुख में पूरा गांव शामिल हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि वे भी दिवाली नहीं मनाएंगे। सेना के अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात ही मनदीप के शहीद होने की सूचना परिजनों को दे दी थी।
सेना के दो अधिकारी रात को ही चंडीगढ़ से अंतेहड़ी गांव पहुंचे। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में पूरे गांव में मनदीप के शहीद होने की खबर फैल गई। मोहल्ले के लोग रात में ही परिजनों को सांत्वना देने पहुंच गए। मनदीप की मां निर्मला को पता चला तो वह बेसुध हो गई। पत्नी प्रेरणा भी इस खबर पर यकीन नहीं कर पाई, लेकिन सेना के अधिकारियों की बात पर विश्वास करना ही पड़ा।
सुबह गांव के सरपंच ने गांव में दिवाली नहीं मनाने की घोषणा की। लोगों ने कहा मनदीप सिंह शहादत को पूरा गांव नमन करता है। दुख की इस घड़ी में पूरा गांव मनदीप के परिजनों के साथ है। गांव में जो भी दीप जलेगा वो शहीद मनदीप सिंह की याद में ही जलेगा। विधायक पवन सैनी, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, मेवा सिंह, एसपी सिमरदीप सिंह सहित जिले के तमाम नेता व अधिकारी परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।