जालंधर में थाना रामामंडी क्षेत्र के तहत पड़ते दकोहा में एक निहंग का शव पेड़ से लटकता मिला। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि निहंग की मौत का कारण साफ नहीं हो पाया। एडीसीपी सिटी परमिंदर भंडाल के मुताबिक गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि इलाके में एक व्यक्ति का शव एक खाली प्लॉट में पेड़ से लटक रहा है। रामामंडी इलाके की पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर में किसी तरह की चोट का निशान नहीं था। उसके पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। मृतक के पास से कोई आईडी प्रूफ न मिलने के कारण अभी उसकी पहचान भी नहीं हो सकी है। पुलिस ने फिलहाल सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निहंग सिंह की शिनाख्त के लिए डेरों से संपर्क कर रही है।