अबोहर और बल्लूआना में दो स्थानों पर छापेमारी
एनआईए की टीम ने मंगलवार को अबोहर के मॉडल टाऊन निवासी नरेश कुमार और बल्लूआना के गांव बिशनपुरा में दिलीप बिश्रोई के निवास पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी दोनों घरों के बाहर मौजूद थे।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गैंगस्टर लारेंस बिश्रोई के संबंध होने के कारण लॉरेंस से जुड़े लोगों के घर पर छापेमारी हो रही है। एनआईए की टीम ने मॉडल टाऊन निवासी नरेश कुमार के घर पर दबिश दी जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण जेल में बंद है और लारेंस बिश्रोई गैंग से उसका संपर्क बताया जा रहा है। नरेश के घर पर पहुंची एएनआई की टीम हर पहलू से जांच कर रही है वहीं घर के बाहर सुरक्षा बल पूरी तरह से मुस्तैद है।
बल्लूआना के गांव बिशनपुरा के पूर्व सरपंच दलीप बिश्रोई के घर पर भी एनआईए की टीम ने आज सुबह ही दबिश दी। पता चला है कि इस दौरान दलीप बिश्रोई घर में नहीं था लेकिन जांच एजेंसी के अधिकारियों द्वारा उसके घर में मौजूद हर प्रकार के सामान का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इधर दलीप बिश्रोई के घर पर जांच एजेंसी की रेड पड़ते ही लॉरेंस के गांव दुतारांवाली के लोग भी सतर्क हो गए क्योंकि इससे पूर्व दलीप बिश्रोई व लारेंस बिश्रोई दोनों के घर एक साथ ही एनआईए की रेड पड़ी थी। समाचार लिखे जाने तक दोनों स्थानों पर एजेंसी की जांच जारी थी।