राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को मुक्तसर में दो जगहों पर दबिश दी। एनआईए की टीम ने मुक्तसर के कोटकपूरा रोड पर धार्मिक संस्थाओं से जुड़े नेता रमन भंगचढ़ी व मलोट के गांव सिखवाला में एक सैनिक के घर में दबिश दी।
एनआईए की टीम सुबह पांच बजे ही मुक्तसर में पहुंच गई थी। इस दौरान रमन भंगचढ़ी के घर करीब आधा घंटा सर्च अभियान चला। रमन भंगचढ़ी के अनुसार लगभग आधा घंटा चले इस सर्च अभियान में एनआईए टीम को उन्होंने पूरा सहयोग दिया। टीम ने उनसे जो सहयोग मांगा, उन्होंने दिया। टीम कुछ साथ नहीं लेकर गई।
उधर, गांव सिखवाला में भी एनआइए की टीम एक सैनिक के घर में पहुंची। यहां भी टीम थोड़े समय ही जांच के लिए रुकी। सूत्रों से पता चला है कि सैनिक और मजदूरी करने वाले उसके दो भाइयों में से किसी एक के बैंक खाते में कहीं से 25 लाख की फंडिंग हुई है। इसी को लेकर एनआईए ने सैनिक व उसके भाइयों के घर में दबिश दी थी। गौरतलब है कि एनआईए ने गैंगस्टर और आतंकी नेटवर्क तोड़ने के लिए प्रदेश भर में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
सिखवाला से युवक को लिया हिरासत में
मुक्तसर के गांव सिखवाला से एक युवक को एनआईए ने हिरासत लिया। बताते हैं कि उक्त युवक सैनिक का भाई है और खुद पेंटर है। युवक के पिता शिंगारा सिंह ने बताया कि उसका बेटा पेंटर है। आज एनआईए की टीम घर आई और किसी का विदेशी रुपया उनके खाते के जरिए निकाले जाने की बात कही। साथ ही टीम उसके बेटे को साथ ले गई।