चंडीगढ़। धनास में सफाई कर रहे एक कर्मचारी को कूड़ेदान में शनिवार सुबह एक नवजात बच्ची मिली। सफाई कर्मचारी ने इसकी सूचना तत्काल सारंगपुर पुलिस को दी। पुलिस बच्ची को लेकर सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच में लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नवजात के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
सारंगपुर थाना पुलिस के अनुसार डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी सुनील (33) नगर निगम में बतौर स्वीपर की नौकरी करता है। सुबह उसने देखा कि ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, धनास स्थित दशहरा ग्राउंड के पास एक कूड़ेदान में नवजात बच्ची पड़ी हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सारंगपुर थाना पुलिस बच्ची को जीएमएसएच-16 ले गई, जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस को कूड़ेदान के पास से कुछ ऐसा दस्तावेज भी नहीं मिला, जिससे पता चल सके कि बच्ची किसकी है और किसने इसे यहां फेंका है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस अब अस्पतालों का भी रिकार्ड खंगाल रही कि हाल ही में किन-किन बच्चियों का जन्म हुआ है।