सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट के नजदीक डस्टबिन के पास रविवार सुबह पांच दिन की बच्ची की शव मिला। नवजात के हाथ में लगे अस्पताल के टैग के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-11 थाना प्रभारी नरेंदर पटियाल ने बताया कि रविवार सुबह डस्टबिन के पास एक नवजात कंबल में लिपटा मिला। उसे जिंदा समझ पुलिस ने जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान बच्ची के हाथ पर टैग मिला, जिससे पता चला कि जीएमसीएच-32 में एक अप्रैल को उसका जन्म हुआ था।
इसी आधार पर पुलिस को नवजात के माता-पिता की जानकारी मिली और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान कमला कॉलोनी नंबर-11 यमुनानगर निवासी वशिष्ट (35) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी अब भी जीएमसीएच-32 में भर्ती है।
अज्ञात व्यक्ति को सौंप आया था शव
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता वशिष्ट ने बताया कि पैदा होने के बाद ही बच्ची की मौत हो गई थी। अस्पताल से उसका शव मिला और वह उसे दफनाने के लिए सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट गया। वहां अज्ञात व्यक्ति ने शव दफनाने के लिए उससे 100 रुपये मांगे। वह पैसे व बच्ची का शव उसे सौंपकर आ गया।
संदिग्ध है मामला: पुलिस
सेक्टर-11 थाना प्रभारी नरेंदर पटियाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल में जांच पड़ताल की जा रही है। मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। इसलिए बारीकी से जांच की जा रही है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।