चंडीगढ़ की धनास कॉलोनी स्थित ईडब्लूएस कॉलोनी के बाहर बने कूड़ेदान में एक दिन का बच्चा मिला है। सूचना पाकर आसपास के लोगों ने बच्चे को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाकर धनास पुलिस चौकी को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार बच्चे की हालत बेहतर है। उसकी मेडिकल जांच में सब कुछ ठीक आया है। उसकी देखभाल के लिए एक लेडिज कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है।
फिलहाल, वह सेक्टर-16 अस्पताल में है। पुलिस के अनुसार नवजात बच्चे की सूचना पाकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन, किसी को भी उसके बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अस्पताल के रजिस्टर में रिकार्ड नहीं
पुलिस के अनुसार सेक्टर-16 अस्पताल का रजिस्टर खंगाला गया, लेकिन, इस नवजात के हुलिए के किसी बच्चे के बारे में जानकारी नहीं मिली। पुलिस जीएमसीएच-32 के रिकार्ड को भी खंगालेगी।
वहीं, डाक्टरों की जांच में पता चला है कि बच्चे का जन्म एक से दो घंटे पहले घर में हुआ है। उसके शरीर में कोई नंबर या अस्पताल के संबंधित नोट नहीं चिपका है।
गोद लेने को अस्पताल में मचा हंगामा
नवजात के मिलने की सूचना पाकर सेक्टर-16 अस्पताल के बाहर भीड़ लग गई। इस दौरान बच्चे को गोद लेने के नाम पर लोगों में हंगामा मच गया। तीन चार लोगों में कहासुनी भी होने लगी। बाद में पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाया। पुलिस बच्चे के माता-पिता की तलाश कर रही है।