पंजाब में अब पानी, सीवरेज व सॉलिड वेस्ट से संबंधित सभी चार्जेस बिजली बिलों में जोड़कर एक साथ वसूले जाने की तैयारी है। योजना पर करीब एक साल से काम चल रहा था। अब यह अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
कैबिनेट से मंजूरी के बाद यह योजना प्रदेशभर में लागू कर दी जाएगी। इससे नगर निकायों की ओर से पानी, सीवरेज व सॉलिड वेस्ट से संबंधित अलग-अलग बिल उपभोक्ताओं को भेजने का सिलसिला बंद हो जाएगा।
पीएसपीसीएल की ओर से बिजली बिलों की अदायगी के साथ प्राप्त होने वाली पानी, सीवरेज व सॉलिड वेस्ट चार्जेस से जुड़ी राशि को तत्काल नगर निकायों को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
यह सब लोगों की सुविधा के लिए:
इस बारे में विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसा लोगों की सुविधा के लिए किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को एक ही बार में बिजली, पानी, सीवरेज व सॉलिड वेस्ट के बिलों की अदायगी करने की सुविधा देने से जहां उनके समय की बचत होगी, वहीं अलग-अलग कार्यालयों में जाकर लाइन में लगने से वह बचेंगे।
पेंडेंसी कम करने की कोशिश
सरकार यह रास्ता पानी-सीवरेज के बिलों की भारी-भरकम पेंडेंसी को ध्यान में रखकर अख्तियार करने जा रही है। अब उपभोक्ताओं को बिजली के बिल के साथ इनकी अदायगी करनी ही पड़ेगी।
अन्यथा इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन कटने का खतरा मंडराने लगेगा। नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों की ओर से जारी किए जाते पानी-सीवरेज के बिल काफी कम राशि के होते हैं।
इस वजह से कई उपभोक्ता इनकी अदायगी में लापरवाही बरतते हैं। इस प्रकार कई-कई महीनों के बिल इकट्ठे होते जाते हैं। अब सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट लागू होने पर कूड़े से संबंधित चार्जेस भी शुरू होने जा रहे हैं।