चंडीगढ़वासियों पर पेड पार्किंग का बोझ आज से बढ़ जाएगा। शुक्रवार से शहर की 25 पेड पार्किंगों में वाहन पार्क करना काफी महंगा हो जाएगा। नगर निगम ने पार्किंग चलाने वाली कंपनी को बढ़े हुए रेट चार्ज करने की मंजूरी 8 दिसंबर से दे दी है। अभी शुरुआत के 4 घंटे के रेट दोगुने हो जाएंगे जबकि एक अप्रैल 2018 से रेट अभी के मुकाबले में रेट चार गुना हो जाएंगे। नगर निगम का दावा है कि सभी पेड पार्किंग स्मार्ट हो गई हैं, इसलिए रेट बढ़ाने की मंजूरी दे दी गई है।
ऐसे में अब 31 मार्च 2018 तक अगर कोई 12 घंटे अपना दोपहिया वाहन पार्क करता है तो उससे 50 रुपये चार्ज किया जाएगा जबकि इतनी देर तक कार पार्क होने पर 50 रुपये चार्ज किया जाएगा। एलांते माल और फन रिब्लिक सिनेमा के बाहर की पार्किंग रेट शहर के दूसरे पेड पार्किंग में लागू होने वाले रेट से दोगुना चार्ज किया जाएगा। 8 से 10 घंटे तक कर्मचारी और व्यापारी ही अपने वाहन पार्क करते हैं इसलिए सबसे ज्यादा बोझ इन पर पड़ेगा।
मल्टीलेवल पार्किंग में नए रेट लागू नहीं
सेक्टर-17 की मल्टीलेवल पार्किंग के रेट नहीं बढ़ेंगे। नगर निगम के अनुसार लोगों में यहां पर वाहन पार्क करने की आदत डाल सकें इसलिए कोई रेट नहीं बढ़ाए जा रहे हैं। सेक्टर-17 में नगर निगम ने 50 करोड़ का खर्चा कर मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया है। यहां पर पहले 4 घंटे में कार पार्क करने 5 रुपये ही लगेंगे।