चंडीगढ़। नेताजी सुभाष चंद्र बोस को युवा अपना आदर्श मानते हैं। उनके दिल में नेताजी के प्रति श्रद्धा और सम्मान है। वह उनके नारों और संघर्षशील जीवन काफी प्रभावित हैं। लेकिन, युवा नेताजी के पंजाब-हरियाणा संबंध से ज्यादा जानकार नहीं है। क्योंकि उन्हें देश के महान क्रांतिकारियों की गाथा पाठ्यक्रम में शामिल कर पढ़ाया नहीं जाता है, जिससे वह बहुत सारी जानकारी और इतिहास से वंचित रह जाते हैं। युवा पीढ़ी नेताजी जैसी शख्सियतों के बारे में जानकारी हासिल कर सके इसके लिए सरकार को गहनता से विचार करने की आवश्यकता है।
गलत के खिलाफ जो लड़े वो थे सुभाष
नेताजी ने ऑल इंडिया फ्रंट ब्लॉक नामक एक पार्टी बनाई थी। उन्होंने गलत का कभी साथ नहीं दिया। अन्याय के खिलाफ हमेशा आवाज उठाई, लेकिन आज के युवाओं में इस चीज की कमी है। युवाओं को नेताजी की इस अच्छाई को अपनाना चाहिए। अन्याय का कड़ा विरोध करना चाहिए और सत्य का कभी साथ नहीं छोड़ना चाहिए।
- रजत, सेक्टर-21
हर पीढ़ी के लिये प्रेरणास्त्रोत हैं नेताजी
नेताजी ने नारा दिया कि तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। जो आज भी देश के हर नागरिक और युवाओं के दिलों में अंकित है। यह नारा राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता, कर्तव्य और जिम्मेदारी का अहसास कराता है। नारे में नेताजी का त्याग, समर्पण और बलिदान झलकता है। निसंदेह सुभाष चंद्र बोस जी हर पीढ़ी के लिये प्रेरणास्त्रोत हैं।
- महक, सेक्टर 27
देश के मामले में कभी समझौता नहीं किया
नेताजी सुभाष चंद्र बोस से सीखने को बहुत कुछ है। चाहे राजनीतिक प्रलोभन को ठोकर मारना हो या आजाद हिंद फौज का गठन करना। सुभाष जी ने कभी समझौता नहीं किया। उनके नाम पर ही अमृतसर में सुभाष गली भी है। विदेशी शासकों में नेता जी का खौफ था। क्योंकि वह जानते थे कि भारत की आजादी के लिए वह कुछ भी कर सकते हैं।
- मानसी, सेक्टर-13, मनीमाजरा
नेताजी ने किया देश को एक
देश को खून के बदले आजादी का बुलंद नारा देकर एक करने वाले नेताजी की आज देश को जरूरत है। युवा अपने कर्तव्यों को भूल रहा है। यदि नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसी हस्तियां होती तो देश के हालात कुछ और ही होते। युवाओं को उनके जीवन से सीखने की जरूरत है। उनके दर्शाए मार्ग पर चलकर ही देश का भला किया जा सकता है।
सुखराज, सेक्टर-24
नेताजी के जीवन से सीखने की जरूरत
नेताजी का जीवन नकारात्मक परिस्थितियों में भी संघर्ष करते रहने के लिए हमें प्रेरणा देता है। भारत और इससे बाहर दोनों जगह रहते हुए नेताजी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और किसी भी नकारात्मक सोच के आगे झुके नहीं। उन्होंने हमेशा लक्ष्य को तय करके उसे पूरा करने के लिए कदम बढ़ाया और वह सफल भी रहे।
- रजत, पीयू
सबसे बड़ा अपराध अन्याय सहना
नेताजी के विचार लाखों लोगों के लिए आज भी प्रेरणा सूत्र हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का कहना था कि याद रखिए सबसे बड़ा अपराध है अन्याय सहना और गलत के साथ समझौता करना। वर्तमान में लोग सत्य का साथ देने घबराते हैं। यदि कारण है कि लोगों का विश्वास एक दूसरे से खत्म होता जा रहा है।
- सनी अहलावत, खालसा कॉलेज
आजादी हमें लेनी पड़ती है
किसी भी तरह की आजादी के लिए हमें संघर्ष करना पड़ता है। आजादी ऐसे ही नहीं मिल जाती। नेताजी का जीवन न्याय के लिए लड़ने की युवाओं को प्रेरणा देता है। नेताजी के जीवन से जुड़ी पंजाब के बारे में जानकारी नहीं है।
- रितिक शुक्ला, एसडी कॉलेज
इतिहास चर्चाओं से नहीं बनता
नेताजी का कथन इतिहास में कोई वास्तविक परिवर्तन चर्चा से कभी हासिल नहीं हुआ मेरे लिए प्रेरणा के शब्द हैं। उनका देश को आजादी दिलाने का संघर्ष युवाओं को भी देश की बेहतरी के लिए काम करने के लिए उत्साहित और प्रेरित करता है।
- पवन बाजवा, एसडी कॉलेज