जीरकपुर। ढकोली वार्ड-13 के कम्युनिटी सेंटर की हालत खस्ता है। चारों तरफ बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उगी हैं। पेड़ों की छंटाई नहीं होने से सामुदायिक भवन की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। इस कम्युनिटी सेंटर में चार वर्ष पहले दो कमरे बनाए गए थे, जो कि अधिकारियों की अनदेखी का शिकार हो गए हैं। इन कमरों में अभी तक सफेदी भी नहीं करवाई गई है। खिड़कियां भी नहीं लगवाई हैं। कमरों के पीछे बहुत सी गंदगी फैली हुई है, जिससे बदबू आ रही है।
कमरों का नहीं हो रहा रखरखाव
इस कम्युनिटी सेंटर की कोई सफाई अथवा रखरखाव नहीं हो रहा है। इस पुराने कम्युनिटी सेंटर में करीब चार साल पहले दो कमरे बनवाए गए थे, उसके बाद इन कमरों में कोई पेंट नहीं हुआ। न ही इन कमरों को किसी कार्यक्रम के लिए प्रयोग किया गया है। यहां पर शादी व अन्य कार्यक्रम के लिए 5100 रुपये फीस वसूली जाती है लेकिन इस रुपये को कम्युनिटी सेंटर के रखरखाव पर नहीं लगाए जाते हैं। - इंद्रजीत मल्होत्रा, वसंत विहार फेज-2
नहीं हो रही कोई सुनवाई
पंजाब सरकार ने सरकार आपके द्वार का कैंप इसी कम्युनिटी सेंटर में लगाया है। उसी समय हलका विधायक को भी इस कम्युनिटी सेंटर की खस्ता हाल की जानकारी दी गई थी। पार्षद को भी जानकारी दी गई और आम आदमी पार्टी के वार्ड प्रभारी हरजोत सिंह को भी अवगत करवाया जा चुका है। इसके बावजूद इस कम्युनिटी सेंटर का कोई रखरखाव नहीं हो रहा है। - सतीश कुमार, गुरु नानक नगर
देखभाल की जरूरत है
यहां पर कई बार नशेड़ियों को नशा करते देखा जा चुका है। लोगों ने उनको भगाया भी है। कमरों के पीछे लोग गंदगी फैलाते हैं। अगर यहां पर नगर परिषद स्थायी तौर पर माली या चौकीदार रखे तो सही तरीके से रखरखाव हो सकता है। इसके अलावा पहले से ज्यादा कार्यक्रम भी होने लगेंगे। इसके अलावा नगर परिषद को राजस्व भी प्राप्त होगा। अगर इस कम्युनिटी सेंटर का सही तरीके से रखरखाव किया जाता है तो यह जगह बुजुर्गों के बैठने के लिए सबसे अच्छी जगह होगी। - सुधीर धींगरा, वेलिंगटन एस्टेट
अकसर सीवर ब्लाक हो जाते हैं
इस कम्युनिटी सेंटर में अगर कोई भी कार्यक्रम होता है तो उसके बाद यहां पर सीवर ब्लाक हो जाते हैं। इसके संबंध में बार-बार नगर परिषद अधिकारियों को फोन करके ठीक करवाना पड़ता है। झाड़ियां और घास फूस उगने के कारण यहां पर जहरीले जानवर भी देखे गए हैं। कभी भी यहां पर खेलने वाले बच्चों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। -राज कुमार
वार्ड नंबर-13 के इस कम्युनिटी सेंटर के सभी कार्यों संबंधी एस्टीमेट बन चुके हैं। जल्द ही इसके सारे काम मुकम्मल करवा दिए जाएंगे। - चरणपाल सिंह, म्यूनिसिपल इंजीनियर, नगर परिषद जीरकपुर