नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की परीक्षा देने देशभर से अभ्यर्थी चंडीगढ़ के विभिन्न केंद्रों में पहुंच चुके हैं। पहली पाली की परीक्षा भी आरंभ हो चुकी है। इससे पहले सेक्टर 21 के एक स्कूल के बाहर छात्र कतार में दिखे। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सभी छात्रों ने मास्क भी पहन रखा था।
10 से अधिक परीक्षा केंद्र
चंडीगढ़ में एनडीए परीक्षा के लिए दस से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में देशभर के विभिन्न इलाके से आए आठ हजार से अधिक छात्र परीक्षा देंगे। गणित विषय की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक होगी। वहीं सामान्य योग्यता की परीक्षा दोपहर दो से शाम साढ़े चार बजे तक होगी।
ऑफलाइन होगी परीक्षा
यूपीएससी की ओर से आयोजित यह परीक्षा ऑफलाइन होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा स्थल पर मास्क लगाकर आना होगा। साथ ही हैंड सैनिटाइजर की पारदर्शी शीशी लानी होगी। इसके साथ ही शारीरिक दूरी बनाकर रखनी होगी। साफ-सफाई का भी ध्यान रखना होगा। परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी भी बर्दाश्त नहीं होगी। इस सभी मानकों का पालन करते हुए छात्र सुबह से ही कतर में दिखे।
उधर, शहर के पांच केंद्रों में जेईई मेन के पेपर भी ऑनलाइन चल रहे हैं। वह रविवार को खत्म हो जाएगा। विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान के प्रश्न कुछ उलझा रहे हैं। इस कारण उन्हें अधिक दिमाग लगाना पड़ रहा है। रसायन विज्ञान के प्रश्न भी जनवरी में हुए एग्जाम से कठिन नजर आ रहे हैं।
यह भी देखें: हमारे यू्ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-