एनसीसी दिवस पर हरियाणा एनसीसी एयर स्क्वाड्रन द्वारा करनाल में मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया। तीन किलोमीटर की मैराथन हुई, जिसमें पंडित चिरंजी लाल राजकीय महाविद्यालय सेक्टर 14 करनाल, दयाल सिंह कॉलेज, दयाल सिंह स्कूल सेक्टर-7, आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल घरौंडा, टैगोर बाल निकेतन स्कूल करनाल के एनसीसी कैडेटों ने बड़े जोश के साथ हिस्सा लिया।
मैराथन को असिस्टेंट प्रोफेसर व एनसीसी फ्लाइंग ऑफिसर सुरेश दुग्गल ने हरी झंडी दिखा रवाना किया। इस कार्यक्रम का संचालन यूनिट के जूनियर वारंट अफसर ए के द्विवेदी के नेतृत्व में बेटी- बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का संदेश देते हुए किया गया। उन्होंने एनसीसी के इतिहास व कार्यप्रणाली के बारे में कैडेटों को जानकारी भी दी। इस अवसर पर ऐरोमोडलिंग इंस्ट्रक्टर जगदीप कपिल द्वारा हेलीकॉप्टर का मॉडल उड़ा कर कैडेटों को प्रोत्साहित भी किया।
मैराथन मे जूनियर डिवीजन कैटेगरी में टैगोर स्कूल से कैडेट अरमान पहले और आर्यन दूसरे स्थान पर रहे। सीनियर डिवीजन कैटेगरी में पण्डित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय से कैडेट बंटी कुमार पहले व कैडेट मनदीप दूसरे स्थान पर रहे। सीनियर विंग (लड़कियों) में पहला व दूसरा स्थान राजकीय महाविद्यालय की कैडेट आकांक्षा व कैडेट तन्नू ने जीता। विजेताओं को एएनओ फ्लाइंग ऑफिसर पवन शर्मा द्वारा ट्रॉफी देकर व पदक पहना कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम को सफल बनने में एएनओ एके मिश्रा, एएनओ सुनील कम्बोज व एएनओ राजेंदर ने भरपूर योगदान दिया। एनसीसी यूनिट की तरफ से सार्जेंट रंजीत, सार्जेंट मुकेश, कॉर्पोरल राजू मेथी ,बीजू पुलकन व वी के तिवारी ने सहयोग किया। अन्य सिविलियन स्टाफ सदस्यों में कुलदीप, योगेंदर, कमल, प्रदीप, जॉनी, अजय, विकास व जोगिन्दर उपस्थित रहे।