कैप्टन अमरिंदर सिंह। (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के बीच मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के समर्थक विधायकों ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की। इन विधायकों में गुरकीरत सिंह कोटली, लखवीर सिंह लक्खा और नवतेज सिंह चीमा शामिल थे। वहीं इस मौके पर कैप्टन समर्थक कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू भी मौजूद रहे। सिद्धू समर्थक विधायकों की कैप्टन से मुलाकात को नए सियासी अर्थ निकाले जाने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में कैप्टन की शिकायत करने पार्टी हाईकमान के पास पहुंचे नवजोत सिद्धू को बैरंग लौटना पड़ा था। इस घटना के बाद से सिद्धू ने चुप्पी साध ली है। पंजाब विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान भी सिद्धू ने सदन की कार्यवाही में उपस्थिति तो दर्ज कराई लेकिन मीडिया से दूरी बनाए रखी।
मंगलवार को कैप्टन से जो विधायक मुलाकात के लिए पहुंचे थे, वे सभी बीते दिनों कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के आवास पर कैप्टन विरोधी खेमे की बैठक में शामिल थे और उस बैठक में कैप्टन को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग उठाई गई थी। हालांकि उसी दिन डैमेज कंट्रोल करते हुए कैप्टन खेमे की तरफ से देर रात एक प्रेस बयान जारी कर सात विधायकों के नामों की सूची जारी की गई, जिन्होंने तृप्त बाजवा के आवास पर बैठक में मौजूद रहने के बावजूद कैप्टन के प्रति अपना विश्वास जताया था। इस सूची में गुरकीरत कोटली का नाम भी था लेकिन उन्होंने तुरंत ही इसका खंडन करते हुए साफ कर दिया था कि वह नवजोत सिद्धू के साथ हैं।
मंगलवार को जब सिद्धू समर्थक विधायकों से मुलाकात का कारण जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ उनकी बैठक को राजनीतिक नजरिए से न देखा जाए, वह अपने हलकों के विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। इस बीच, मंगलवार को मुख्यमंत्री अपने आवास पर दिन भर मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात करते रहे और उन्होंने विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की रिपोर्ट भी हासिल की।
भट्ठल से फिर मिलने पहुंचे सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल से मिलने उनके निवास पर पहुंचे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस का प्रधान बनने के बाद सिद्धू की भट्ठल से यह दूसरी मुलाकात है। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की भट्ठल से मुलाकात से पहले भी सिद्धू पूर्व मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। हालांकि इस बैठक के बारे में कोई खुलासा नहीं हुआ लेकिन माना जा रहा है कि सिद्धू इन दिनों अस्वस्थ चल रहीं भट्ठल का हालचाल जानने पहुंचे थे।