जेल से बाहर आए नवजोत सिंह सिद्धू की लुक काफी बदल चुकी है। जेल में योगा व मेडिटेशन के जरिये 35 किलो तक वजन घटाने के कारण वह पहले की तुलना में काफी फिट लगे रहे हैं। उन्होंने दाढ़ी भी ट्रिम करा ली है व मूंछें खड़ी कर रखी हैं। लेकिन उनके तीखे तेवर पहले की तरह ही बरकरार हैं। उन्होंने बाहर आते ही केंद्र के साथ-साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर हमले बोले।
अटकलें लग रही थीं कि जेल से बाहर आने के बाद नवजोत सिद्धू के स्वभाव में कुछ बदलाव नजर आएगा और उनमें ठहराव आया होगा। माना जा रहा है कि सिद्धू की वापसी से पंजाब की राजनीति गर्माएगी।
उनके पास भले ही इस समय पंजाब कांग्रेस में कोई बड़ा ओहदा नहीं है, लेकिन राहुल गांधी और खास तौर से प्रियंका गांधी के साथ नजदीकी के चलते सिद्धू को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सिद्धू को जेल से बाहर आने पर बड़ी जिम्मेदारी देने की बात कही थी।
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी आई नजर
कुछ दिन पहले जब पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु पटियाला जेल से रिहा हुए थे, उस समय पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग खुद उनके स्वागत के लिए पटियाला पहुंचे थे। लेकिन राजा वड़िंग शनिवार को जेल से सिद्धू की रिहाई के वक्त नहीं पहुंचे और न ही पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ही सिद्धू के स्वागत के लिए पहुंचे।