पहले आम आदमी पार्टी, फिर कांग्रेस और अब एक बार फिर आप। पूर्व सांसद नवजोत सिद्धू ने एक बार अब यू-टर्न लिया है। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गठबंधन को लेकर सिद्धू ने नए सिरे से आप के साथ बातचीत शुरू की है।
आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह ने इसकी पुष्टि की है। पीपुल्स कन्वेंशन सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने स्वीकार किया कि सिद्धू के साथ एक बार फिर नए सिरे से बातचीत शुरू हुई है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। सिद्धू को डिप्टी सीएम का पद और कुछ सीटें दिए जाने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि अभी तक कुछ फाइनल ही नहीं हुआ है। अभी सिर्फ बातचीत चल रही है। सूत्रों का कहना है कि आप के संगठन प्रभारी दुर्गेश पाठक ने एक दिन पहले सिद्धू के साथ उनके निवास पर लंबी बैठक की है।
पंजाब में पार्टी के गिरते ग्राफ को देखते हुए आप एक बार फिर सिद्धू से नए सिरे से डील के मूड में नजर आ रही है। वहीं, आप के लिए सबसे बड़ी समस्या कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल जैसे कद्दावर नेताओं के सामने एक मजबूत चेहरे की है।