बुधवार देर रात ही शहर में माल रोड समेत विभिन्न स्थानों पर लगाए होर्डिंग्स को नगर निगम की टीम ने उतार दिया था। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रधान शमशेर सिंह दूलों समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को सिद्धू की पटियाला स्थित रिहायश पर मीडिया से बातचीत की।
दूलों ने कहा कि सिद्धू को रिहा न करके पंजाब की आप सरकार ने धक्केशाही की है। दरअसल, सरकार बौखला गई, क्योंकि एक तरफ जहां सिद्धू के स्वागत को बड़ी संख्या में उनके समर्थक सड़कों पर उतर रहे थे, वहीं सिद्धू ने 30 जनवरी को श्रीनगर रैली में भी हिस्सा लेना था। उन्होंने पंजाब सरकार पर रिमोट कंट्रोल सरकार होने के आरोप भी लगाए। कहा कि पंजाब की सरकार तो दिल्ली से चल रही है।
इस मौके पर दूलों ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों के पास पंजाब कांग्रेस की जिम्मेदारी है, उनको अंहकार में नहीं आना चाहिए। बल्कि पार्टी के हर वर्कर के दुख-सुख में उनका साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरत थी कि आज कांग्रेस की लीडरशिप भी पटियाला पहुंचती लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
गौरतलब है कि सिद्धू की रिहाई बुधवार शाम तक पक्की मानी जा रही थी, जब उनके सोशल मीडिया अकाउंट से रिहाई के बाद रूट मैप को शेयर किया गया था। जिसमें कहा गया था कि सिद्धू जेल से रिहाई के बाद इन स्थानों से होते हुए जुलूस के रूप में घर तक पहुंचेंगे।